आदमपुर के नवनिर्वाचित विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा कि क्षेत्र में पानी, स्वास्थ्य, सड़क और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना ही मेरी प्राथमिकता है। मैं अपनी जीत को चौ. भजनलाल के चरणों में समर्पित करता हूं। मैं पूर्व प्रधानमंत्री रहे अटलबिहारी बाजपेयी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सबसे अधिक प्रभावित हूं।
गुरुवार को सेक्टर-15 स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में भव्य बिश्नोई ने कहा कि अगले दो वर्ष में आदमपुर का विकास कराना मेरा संकल्प है। सीएम के नेतृत्व में आदमपुर का तेजी से विकास होगा। बीड़ क्षेत्र के पांचों गांवों को मालिकाना हक दिलाने का मुद्दा सदन में उठाया जाएगा।
आदमपुर की सीवरेज व बरसाती पानी निकासी का कार्य पूर्ण कराया जाएगा। आदमपुर में उच्च स्तर का चिकित्सा संस्थान खुलवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। बिजली, पानी, सीवरेज, सड़क, रोजगार को लेकर निरंतर काम करूंगा।
आदमपुर का उपचुनाव 2024 के चुनाव का रिहर्सल था। हुड्डा परिवार को कांग्रेस ने फ्री हैंड दिया। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई ने अकेले दम पर हुड्डा को चित्त किया। जयप्रकाश पर हमले व उनके साथ बदसलूकी के सवाल पर भव्य ने कहा कि लगातार हो रही हार की बौखलाहट में जयप्रकाश झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आदमपुर में एक भी छात्र की शिक्षा में बाधा नहीं पड़ेगी और कोई भी स्कूल बंद नहीं होगा। मैंने अपने दादा और पिता से ही राजनीति सीखी है। इस मौके पर रणधीर पनिहार, योगेंद्र नाथ मल्होत्रा, संजय गौतम, विक्रांत देवीलाल बिश्नोई, नरेश जांगड़ा लाडवा, सतेंद्र भांभू आदि उपस्थित रहे।