हांसी।
हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन पर अब जल्द ही ट्रेन चलने वाली है। आगामी 3-4 दिन में इस रूट पर ट्रेन चलने का उद्घाटन किया जा सकता है। ट्रेन चलाने से पहले उत्तर रेलवे के दिल्ली डिविजन के एडीआरएम इंफ्रा राजेश कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण यान को डीजल इंजन पर दौड़ा कर स्पीड ट्रायल भी किया गया।
बीते एक दशक से हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन पर ट्रेन चलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए खुशखबरी है। इस रूट पर अब आगामी दिनों में ट्रेन दौड़ती हुई नजर आएगी। ट्रेन चलाने से पहले यहां पर आए उत्तर रेलवे के एडीआरएम द्वारा व्यवस्थाएं देखी गई। उनके साथ भारतीय रेल व गृह मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद रहे। दोपहर तक उन्होंने महम से हांसी तक की रेलवे लाइन की जांच की। स्टेशन पर भी निरीक्षण किया। जहां सब कुछ सही मिला। शाम चार बजे हांसी से स्पीड ट्रायल के लिए डीजल इंजन को भी दौड़ाया गया। रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का कार्य पूरा न होने के चलते यहां पर अभी डीजल इंजन चलाया जाएगा। शुरुआत में यहां पर पैसेंजर ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे का मानना है कि शुरुआती ट्रेन चलाकर इस रूट पर आने वाली अन्य समस्याओं को देखा जाएगा। अगर कोई समस्या आएगी तो उसका समाधान किया जाएगा। तब तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने की उम्मीद है। विद्युतीकरण के लिए गढ़ी तक पोल लग चुके हैं। कार्य रोहतक के डोभ से शुरू हो चुका है।
बता दें कि हांसी रेलवे स्टेशन उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के अधीन आता है। जबकि हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के अधीन आता है।
सबसे बड़ा सवाल बिजली व रोड की व्यवस्था
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि नए बने रेलवे स्टेशन जैसे गढ़ी, मुंढाल तक जाने के लिए रोड भी नहीं बना हुआ है। ऐसे में लोगों को यहां पर आने में समस्या होगी। इसके लिए रेलवे को यहां पर पहले रोड भी बनवाना होगा। वहीं अधिकारियों को इसके साथ ही स्टेशन पर बिजली की समस्या भी मिली है। अभी यहां का बिजली कनेक्शन सामान्य है। केवल छह से आठ घंटे तक बिजली रहती है। इसके लिए नया कनेक्शन आवेदन किया हुआ है। कनेक्शन न होने तक यहां बिजली की समस्या है। कंट्रोल रूम के पावर बैकअप के लिए बैटरी रखी गई है। साथ ही जनरेटर की सुविधा स्टेशन पर है, लेकिन इसके लिए हॉटलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन किया हुआ है।
15 दिन पहले हुआ था सीआरएस, रेल मंत्री ने जारी की थी वीडियो
सितंबर महीने के आखिरी में गढ़ी से हांसी तक की रेलवे लाइन के निरीक्षण के लिए रेलवे सुरक्षा आयुक्त आरके शर्मा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शाम पांच बजे तक निरीक्षण किया था। 30 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्विटर (अब एक्स) पर वीडियो जारी कर कहा था कि हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन का काम पूरा हुआ व 118 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सफल रहा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी वीडियो शेयर किया था।
दिल्ली जाने में समय बचेगा
करीब 755 करोड़ रुपये की लागत से यह रेलवे लाइन बन कर तैयार है। इस नए रेलवे लाइन के शुरू होने से यहां पर नई ट्रेन चलेगी। हांसी रेलवे स्टेशन से दो किमी दूरी पर हांसी-रोहतक रेल लाइन शुरू होगी। जबकि पुरानी रेल लाइन भिवानी की तरफ जाती है। इस रेल रूट पर कुल 5 स्टेशन होंगे व 20 गांवों के होती हुई रेल रोहतक पहुंचेगी। हांसी के बाद पहले स्टेशन गढ़ी, मदीना, बलंभा, खरकड़ा व रोहतक से पहले बहु-अकबरपुर गांव में स्टेशन होगा। इस रेल मार्ग से हिसार से रोहतक के बीच 20 किमी की दूरी कम होगी।