हिसार। साइबर ठगों ने ब्यूटी पार्लर संचालिका से 33 हजार रुपये ठग लिए। एचटीएम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। डोगरान मोहल्ले की रंजना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ब्यूटी पार्लर का काम करती है। उसके मोबाइल पर 29 जुलाई 2024 को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका एक लक्की ड्राॅ निकला है। तब उसने सवाल किया कि मेरा ऑर्डर आए हुए एक महीना हो गया है तो अब कैसा लक्की ड्राॅ निकला है। उन्होंने कहा कि कुल 7 लोगों का लक्की ड्राॅ निकला है। लक्की ड्राॅ लेने के लिए आपको एक ऑर्डर करना होगा। उनके कहने पर उसने 29 जुलाई 2024 को 5,045 रुपये उनके बैंक खाते में भेज दिए। उन्होंने कहा कि आपको लक्की ड्राॅ में आई फोन का गिफ्ट मिलेगा, मगर उसके लिए आपको जीएसटी भरना होगा। उसने 29 जुलाई 2024 को उनके बताए खाते में 13,989 रुपये भेज दिए। उन्होंने उससे कई बार में कुल 33,023 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। उसे बाद में धोखाधड़ी का पता चला। ब्यूरो