हिसार। ऑनलाइन खरीदारी करनी हो या बैंक खाते से पैसा ट्रांसफर करना हो, ज्यादातर लोग इसके लिए मोबाइल एप का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में अगर आपके मोबाइल पर किसी सोशल मीडिया के जरिये एनीडेस्क मोबाइल एप का लिंक फारवर्ड होकर आए तो उस पर क्लिक करने से बचें। यह मोबाइल एप आपके बैंक खाते के लिए घातक हो सकता है। साइबर शातिर आजकल ऑनलाइन ठगी के लिए इसी एप का इस्तेमाल कर रहे हैं।यह कहना पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा का।
उन्होंने बताया कि साइबर ठग प्रतिदिन धोखाधड़ी कर रहे हैं। पैसे हड़पने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। आप किसी भी दूरस्थ डेस्कटॉप एप को अपने डिवाइस में डाउनलोड न करें। किसी भी व्यक्ति को अपनी आईडी, पासवर्ड, पिन, खाता संख्या आदि की जानकारी न दें। उन्होंने एनीडेस्क नाम के एक रिमोट डेस्कटॉप एप बारे आगाह किया है। एनी डेस्क एप ठगों के लिए एक बहुत ही सरल साधन है, क्योंकि यह उपयोगकर्ताओं को इंटरनेट पर अलग-अलग मोबाइल और सिस्टम से कनेक्ट करने की अनुमति देता है। आम शब्दों में यह एक स्क्रीन शेयरिंग प्लेटफॉर्म की तरह है। अपराधी इसका उपयोग धोखा देने और ऑनलाइन ठगी के लिए कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि साइबर थाना में इस संबंध में एक शिकायत आई है कि साइबर अपराधी ने हिसार निवासी युवक के मोबाइल फोन में एनीडेस्क एप डाउनलोड करवा 83 हजार 112 रुपये की ठगी की है। उनका कहना है कि कुछ व्यक्ति गूगल पर मौजूद कस्टमर केयर का नंबर सर्च करके इस्तेमाल करते हैं और कुछ मामलों में पीड़ित खुद कुछ समस्याओं के समाधान के लिए कस्टमर केयर को कॉल करता है। ऐसे में धोखाधड़ी करने वाले का मकसद पीड़ित के मोबाइल फोन पर एनी डेस्क या टीम वीवर एप डाउनलोड करने के लिए बाध्य करना होता है। कोई भी एप डाउनलोड करने के बाद धोखाखड़ी करने वाले को 9 अंकों के रिमोट डेस्क कोड की आवश्यकता होती है। इसलिए वह उसके लिए पीड़ित से पूछताछ करेगा। एक बार जब पीड़ित 9 अंकों वाला कोड बता देता है और एप की अनुमति दे देता है तो धोखाधड़ी करने वाले को अपने डिवाइस पर पीड़ित के डिवाइस की स्क्रीन देखने को मिल जाएगी और इसे वह रिकॉर्ड भी कर सकता है। ऐसे में लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं।