हिसार। बालसमंद नहर में फेंकी गई बीकॉम की छात्रा ने होश आने पर वीरवार को पुलिस में अपने बयान दर्ज कराए। छात्रा का कहना था कि गांव का ही युवक उसे कार में अपहरण कर ले गया था। इसके बाद उसने उसे पीटा और दुष्कर्म किया। बाद में जान से मारने की नीयत से नहर में फेंका था। अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता तीसरे दिन भी सदमे में है। आजाद नगर थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है।
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि वह गांव के पास एक सेंटर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सेंटर पर जा रही थी। रास्ते में सफेद रंग की कार में गांव का राजेश आया और जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गया। इस दौरान उसने उसे पीटा और साउथ बाईपास नहर के पास सुनसान जगह पर ले गया। इसके बाद उसने दुष्कर्म किया और गला दबाने का प्रयास किया। इस दौरान वह भागने लगी तो आरोपी राजेश ने उसे नहर में धक्का दे दिया। इस दौरान नहर में नहा रहे युवकों ने उसकी जान बचाई और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने राजेश के खिलाफ हत्या प्रयास और दुष्कर्म का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।