हिसार। बेटे गौरव के साथ सीएससी में बैठी थी। तभी तीन बदमाश अंदर घुसे। एक ने मुझसे दूर हटने के लिए कहा और दो ने बेटे को पीटना शुरू कर दिया। मैं बचाने के लिए आगे बढ़ी तो धक्का दे दिया। मैंने हाथ जोड़कर गुहार लगाई, बेटे को छोड़ दो, पर वे नहीं माने। गौरव को खींचते हुए बाहर ले गए और लातें बरसाने लगे। तभी एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर मारने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। यह देखकर मेरा खून खौल उठा। मैंने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी, पर कोई नहीं आया। कोई और चारा न देख मैंने स्टील की रॉड उठाई और बदमाशों पर टूट पड़ी। न जाने कहां से मुझमे हिम्मत आ गई। एकाएक हमले से बदमाश घबराकर भागने को मजबूर हो गए। मैंने कुछ दूर पीछा भी किया, लेकिन पकड़ नहीं पाई। इसके बाद बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया।
बेटे को बचाने के लिए मंगलवार को बदमाशों से भिड़ने वाली बहादुर सीमा ने बृहस्पतिवार को यह वाकया अमर उजाला से बयां किया। हालांकि, अब उन्हें अपने परिवार की चिंता सता रही है। सीमा का कहना है, परिवार में बेटे के अलावा बेटी और पति हैं। सभी खौफ में हैं। पुलिस ने यदि लुटेरों को जल्द नहीं पकड़ा तो उन्हें कुछ भी हो सकता है। क्योंकि बदमाशों ने भागते हुए धमकी दी थी, अगली बार अंजाम बुरा होगा। बता दें कि मंगलवार शाम को तीन बदमाशों ने सीएससी में घुसकर 70 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस अभी तक लुटेरों को पकड़ नहीं पाई है।
बदमाश बेखौफ, क्या बिगाड़ लेगी पुलिस
सीमा ने बताया, बदमाशों को कोई खौफ नहीं है। उन्होंने कहा था, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। पहले भी नकदी लेकर गए थे, पुलिस ने क्या कर लिया। हर महीने रुपये ले जाते रहेंगे। असल में, बदमाश एक जून को भी गौरव के सीएससी के गल्ले से नकदी ले गए थे। 11 जून की वारदात से पहले बदमाशों ने दो दिन तक रेकी की थी।
एसपी तक लगाई गुहार, नहीं हुई कार्रवाई
शिवनगर निवासी सीमा ने बताया, उन्होंने नई सब्जी मंडी पुलिस चौकी में शिकायत भी दी, पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को परिजनों और जानकारों के साथ दोबारा पुलिस चौकी पहुंचे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने शिकायत डीएसपी को भेज दी। वहां से एचटीएम थाने पहुंचे। शाम तक बैठे रहे, किसी ने कुछ नहीं पूछा। बृहस्पतिवार सुबह फिर थाने जाकर गुहार लगाई। तब एक पुलिसकर्मी नागरिक अस्पताल आया और घायल बेटे का बयान लेकर चला गया।
शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - मोहम्मद रफीक, एचटीएम थाना प्रभारी।