क्षेत्र की सड़कों के बीच बने बड़े-बड़े गड्ढ़े।
- फोटो : Hisar
सिवानी मंडी। प्रशासन का दावा है कि शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त कर दी गई हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कई सड़कों पर गड्ढे नहीं गड्ढों में सड़क है। रोजाना राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शहर की सड़कें ही नहीं हाईवे तक की हालत खस्ता है। खास बात यह है कि गड्ढों में तब्दील हो चुकी इन सड़कों के निर्माण के लिए संबंधित विभाग कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रहा है। जनप्रतिनिधि हो या अधिकारी सबकी गाड़ियां इन्हीं सड़कों से होकर निकलती हैं।
हिसार-राजगढ़ नेशनल हाईवे नंबर 52 विश्राम गृह व उपमंडल कार्यालय के पास मुख्य सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। गड्ढों का आकार बढ़ता जा रहा है, बारिश में यह अंदाजा लगाना मुश्किल होता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढे में सड़क। इसके चलते अक्सर लोग घायल हो जाते हैं। बालाजी मंदिर जाने वाली सड़क पर भी बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इस सड़क से रोजाना अधिकारी व नेता भी गुजरते हैं मगर किसी को सड़क ठीक करने की चिंता नहीं है।
पार्षद प्रतिनिधि रमेश कोठारी का कहना है कि अगर प्रशासन इस मार्ग को एक सप्ताह में ठीक नहीं कराता है तो, गड्ढों में पौधारोपण कर सड़क जाम किया जाएगा। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ बलवान सिंह साहू ने कहा कि मामला एनएच के अधीन आता है। जल्द ही सड़कों के गड्ढों को ठीक करवा दिया जाएगा।