हिसार। भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अगले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमें संगठित होकर सत्ता के लिए काम करना होगा। हमारी पार्टी हरियाणा में लोकसभा व विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सरकार हमारे लोगों पर अत्याचार करेगी तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। सड़कों पर आंदोलन करके विरोध करेंगे।
वीरवार को गुरु रविदास छात्रावास में आयोजित समारोह में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बाबा आंबेडकर के नाम पर जो जमीन व प्रतिमाओं को सरकार छीनने का प्रयास कर रही है। हिसार में आंबेडकर बस्ती का जमीन छीनने का प्रयास किया तो हम सरकार को घुटनों के बल पर ला देंगे। सरकार हमारे लोगों को कुचलने का प्रयास करेगी तो सरकार का इतिहास ही नहीं भूगोल भी बदल दिया जाएगा।
चंद्रशेखर ने कहा कि हमारे टैक्स के पैसे से सरकार चलती है। हरियाणा में बहुजनों की संख्या ज्यादा है। जब तक हम महापुरुषों के रास्ते पर नहीं चल सकते तब तक तरक्की नहीं हो सकती। धर्म हमें सही रास्ता दिखाता है। बाबा आंबेडकर हमें वोट का अधिकार देकर गए हैं, जो कि गुलामी की बेड़ियों को काटने का काम करता है। हमें अपने लोगों को कामयाब करना है। आजाद ने कहा कि हरियाणा में भाईचारे का इतना बुरा हाल है कि हम भाईचारे को जोड़ने का काम करते हैं, परंतु दूसरे भाईचारे में झगड़े हो रहे हैं। भाईचारा तोड़ने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि लोग मुझसे पूछते है हमने पार्टी क्यों बनाई? इसके प्रत्युत्तर में कहा कि आप पंजाब वालों का हाल देख लो, जिनकी पार्टी नहीं होती उन नेताओं का सरकार एनकाउंटर करवा देती है। पार्टी सत्ता प्राप्ति का पहला माध्यम है। सत्ता की चाबी से हर समस्या का ताला खोला जा सकता है। हरियाणा में हर वर्ग बेहाल और तंग है। यहां अनुसूचित जाती, पिछड़ा, व्यापारी, किसान, कर्मचारी सभी वर्ग अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे है। इस अवसर पर भीम आर्मी प्रदेशाध्यक्ष कमल बराड़ा, जिलाध्यक्ष प्रदीप भांखड, विक्की टाक, संतलाल आंबेडकर, रजत कल्सन सहित अन्य मौजूद थे।