चंदन नगर में मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक ऑटो चालक ने बाइक सवार एक युवक पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। घायल अवस्था में उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले के संबंध में घायल चंदन नगर निवासी सचिन के दोस्त विकास ने बताया कि सचिन व उसका दोस्त सुरेंद्र मजदूरी करते हैं। मंगलवार शाम को मजदूरी करके वापस आ रहे थे। उस दौरान ऑटो चालक ने पहले उनकी बाइक के आगे कट मारा। बाद में उनका रास्ता रोककर उनसे मारपीट की। इस बीच ऑटो चालक ने सचिन के पेट व छाती पर चाकू से कई वार किए। वारदात के बाद ऑटो चालक ऑटो सहित फरार हो गया। घायल सचिन को नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया गया है। वहीं मामले की शिकायत अभी पुलिस को नहीं दी गई है।