स्टेटिक सर्विलांस टीमों द्वारा लगाए गए नाकों का निरीक्षण करते एसडीएम एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी
हांसी। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा हलके में जगह-जगह स्टेटिक सर्विलांस टीम व पुलिस नाके लगाकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा ने गांव कंवारी में स्टेटिक सर्विलांस टीम द्वारा लगाए गए नाके का निरीक्षण दौरा किया। उन्होंने नाके पर रजिस्टर को चेक कर टीम को निर्देश दिए कि इस रजिस्टर में वाहन का नंबर, वाहन के मालिक का नाम व अन्य संबंधित तमाम जानकारी अवश्य दर्ज होनी चाहिए।
उन्होंने स्टेटिक सर्विलांस टीमों को निर्देश दिए कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। पिछले दिनों स्टेटिक सर्विलांस टीम से एक सदस्य के ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए जाने पर उक्त कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा गया है।
वाहनों की वीडियोग्राफी करना करें सुनिश्चित
सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि जब भी किसी वाहन का निरीक्षण किया जाए उस समय गाड़ी रुकने से लेकर रवानगी तक के पूरे समय अवधि की वीडियोग्राफी करवाई जाए। व्यक्ति अपने साथ 50000 रुपये तक की राशि लेकर जा सकता है। इससे अधिक कैश पाए जाने पर उसे तुरंत जब्त करना सुनिश्चित करें।
सी-विजिल एप पर अब तक 41 शिकायतें प्राप्त हुईं
एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा ने बताया कि सी-विजिल एप के माध्यम से आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित 41 शिकायतें प्राप्त हुईं थी। जिनका तय समय सीमा में समाधान कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकतर शिकायतें अवैध प्रचार सामग्री लगाने से संबंधित थी।