बालसमंद। प्रदेश के सात जिलों में इंटरनेट बंद होने के कारण खाद्य आपूर्ति विभाग को राशन वितरण में समस्याएं आ रही हैं। इंटरनेट बंद होने के कारण पीओएस मशीनें बंद हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने पत्र लिखकर इंटरनेट शुरू होने के बाद अतिरिक्त समय की मांग की है।
11 फरवरी से प्रदेश के कुछ जिलों में इंटरनेट बंद हैं। लगातार इंटरनेट बंद होने से खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा वितरित किए जा रहे राशन में समस्याएं आ रही हैं। बिना इंटरनेट के पीओएस मशीनें कार्य नहीं कर रही हैं। पीओएस बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पा रहा है। कुछ डिपो होल्डरों द्वारा ब्रॉडबैंड और वाईफाई के माध्यम से राशन वितरण किया गया है। हर गांव और डिपो होल्डर के पास इंटरनेट सुविधा न होने के कारण कई गांवों में राशन वितरण शुरू नहीं किया गया है।
इस महीने में 5 दिन शेष हैं। नियमों के अनुसार फरवरी माह का राशन इसी माह बंट जाना चाहिए। इंटरनेट बंद होने के कारण खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर फरवरी माह के राशन वितरण में अतिरिक्त समय मांगा है, ताकि खाद्य आपूर्ति विभाग के प्रत्येक राशन कार्ड धारक को इंटरनेट शुरु होने के बाद राशन मिल सके।
जिले में 332820 कार्डधारक
कार्ड प्रकार कुल राशन कार्ड कुल मेंबर
हरे कार्ड 6728 26989
गुलाबी कार्ड 23863 85215
पीले कार्ड 302229 1209172
बिना इंटरनेट के पीओएस मशीनें कार्य नहीं करती है। राशन वितरण में डिपो होल्डरों को परेशानियां आ रही हैं। हर उपभोक्ताओं को राशन सुविधा मिले, इसके लिए फरवरी माह के राशन वितरण के लिए पत्र लिखकर अतिरिक्त समय की मांग की है।
- कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर खाद्य आपूर्ति विभाग