बालसमंद। कई दिन से परेशान कर रहा सीईटी पोर्टल 14 जून को आवेदन बंद होने के बाद रविवार को अच्छी तरह चला। इस पर कोई दिक्कत नहीं आई। दरअसल प्रदेशभर में हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमीशन में ग्रुप सी की भर्तियों के लिए मांगे गए वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल ठप होने से सैकड़ों युवा आवेदन करने से वंचित रह गए थे। कई भ्यर्थियों ने जाति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण गलत फॉर्म भर दिया। आयोग द्वारा मिले कम समय और जाति प्रमाण पत्र न बनने के कारण अभ्यर्थियों को परेशान होना पड़ा। अभ्यर्थियों ने आवेदन की तिथि बढ़ाने और फॉर्म में सुधार का मौका आयोग से मांगा है। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा के राज्य कमेटी मेंबर व हिसार ब्लॉक-2 के सचिव अनिल गोरछी ने बताया कि 28 मई को खोले गए सीईटी पोर्टल पर नए जाति प्रमाण पत्र मांगे जाने से पोर्टल ठप हो गया। पोर्टल पर लगातार दिक्कतें रहने से आवेदन करने में अभ्यर्थियों को भारी परेशानी हुई है। 14 जून को पोर्टल बंद होते ही सीएससी संचालक राजकुमार, प्रवीण, नवल, अनिल, प्रदीप, सतीश आदि ने बताया कि रविवार को सरल पोर्टल पर कोई दिक्कत नहीं आई।