दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान।
- फोटो : अमर उजाला
नेता नहीं देश की जनता को करना पड़ेगा काम
केजरीवाल ने कहा कि हम एमएलए नहीं खरीदते और सरकारें नहीं गिराते हैं, हम ईमानदारी से सरकार चलाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए हमें युद्धस्तर पर काम करना पड़ेगा।यह काम देश के 130 करोड़ लोगों को करना पड़ेगा। अगर हम ये सोच रहे हैं कि ये नेता करेंगे, तो उनको इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। वह तो ये देखेंगे कि उनके दोस्त को दुनिया का नंबर वन अमीर कैसे बनाया जाए।
दिल्ली के विद्यार्थी नौकरी देने वाले बने
छात्र के सवाल का जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी मानसिकता बन गई है कि पढ़ने के बाद नौकरी चाहिए। दिल्ली के अंदर हमने नया प्रयोग किया। 11वीं और 12वीं के बच्चों को हम बिजनेस करना सिखाते हैं। हम हर बच्चे के दिमाग में यह डालते हैं कि उन्हें नौकरी देने वाला बनना है, नौकरी मांगने वाला नहीं। हर बच्चे को 2-2 हजार रुपये देते हैं। आज यह बच्चे बड़े-बड़े उद्योगपतियों के सामने प्रजेंटेशन देकर अपने बिजनेस में निवेश करने को कह रहे हैं। आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों से 12वीं पास विद्यार्थी यह नहीं कह रहा है कि मुझे नौकरी नहीं मिल रही है, बल्कि वह कह रहा है कि मैं दूसरे बच्चों को नौकरी दूंगा।
हिसार पहुंचे अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान।
- फोटो : अमर उजाला
देश तभी आगे बढ़ेगा, जब पूरे देश का सुर मिलेगा : भगवंत मान
पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर की बात सिर्फ आम आदमी पार्टी करती है। अगर देश के 130 करोड़ लोगों का सुर एक बार मिल गया, तो यह देश को नंबर वन बना देगा। देश तभी आगे बढ़ेगा, जब पूरे देश का सुर मिलेगा। नफरत की राजनीति देश को आगे नहीं लेकर जा सकती।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति लाई। पंजाब में हमारी सरकार बने अभी 6 महीने नहीं हुए हैं, फिर भी हमने 100 मोहल्ला क्लीनिक बना दिए, बिजली के बिल जीरो आने लगे हैं, सेना में तैनात जवाब के शहीद होने पर उनके परिवार को एक करोड़ रुपये मिलता है। विधायकों को सिर्फ एक ही पेंशन मिलेगी।
आने वाले दिनों में हम ई-गवर्नेंस लाएंगे। इंडस्ट्री के लिए सिंगल विंडो की सुविधा देंगे। पहले इंडस्ट्री वाले एक परिवार से एमओयू करने आते थे, लेकिन अब पंजाब से एमओयू करने आते हैं। आम आदमी पार्टी देश को नंबर वन बनाने के लिए कोई भी कमी नहीं छोड़ेगी। हमारी सच्ची नीयत है कि हमने 8736 अध्यापकों को पक्का कर दिया, जो पिछले कई सालों से अकाली दल और कांग्रेस की सरकारों से लाठियां खा रहे थे।
अंजलि डागर : देश की बेटियों को नहीं मिल रही सुरक्षा?
केजरीवाल : आज बेटियों की सुरक्षा बहुत बड़ी चिंता का विषय है। जो सरकार बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकी, उस पर लानत है। ऐसा इस कारण होता है कि पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग में पैसा चलता था। भगवंत मान ने पंजाब में ऐसा होने से रोका।
नितिन : क्या नौकरियों में पैसे का भ्रष्टाचार रुक पाएगा ?
केजरीवाल : हमने दिल्ली और पंजाब में नौकरियों में भ्रष्टाचार बंद कर दिया। भ्रष्टाचार से खत्म कर जो पैसा बचाया, उससे लोगों को बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा फ्री में दे रहे हैं।
लोकेश : मेक इंडिया नंबर वन में बिजली-पानी का क्या योगदान रहेगा ?
केजरीवाल : अब तक नेता भ्रष्टाचार कर पैसा स्विस बैंक में भेजते थे। हमने उस पैसे को बचाकर लोगों को फ्री पानी व बिजली दी। कई देशों ने यात्रा, चिकित्सा मुफ्त है। जो शिक्षा, चिकित्सा, पानी, बिजली मुफ्त नहीं देते उनकी नीयत खराब है।
ज्योति :इंडिया को नंबर वन कैसे बनाएंगे ?
केजरीवाल : आपके जरिये बनाएंगे, जब तक यह सोचेंगे केजरीवाल बना देगा, तब तक संभव नहीं हो सकेगा। नेताओं के भरोसे नहीं एक-दूसरे की मदद कर हम मेक इंडिया नंबर वन को पूरा करेंगे।आप हम इकट्ठे हो गए तो कोई रोक नहीं पाएगा।
आरती : हरियाणा सरकार ने 190 स्कूल बंद कर दिए, आपके पास क्या योजना है?
केजरीवाल : हमने दिल्ली में स्कूलों को बेहतर बनाया है। ऐसा हर प्रदेश में कर सकते हैं। हरियाणा की सरकार तो सरकारी स्कूलों को बंद कर निजी स्कूल में बच्चों को भेज रही है। निजी स्कूल में भेजने वालों को पैसे दे रही है, सरकारी स्कूलों में दाखिले लेने वालों से पैसे ले रही है।
प्रथम शर्मा : युवा बेरोजगार है, तब तक इंडिया नंबर वन कैसे बनेगा?
केजरीवाल : आप बताओ कैसे कम होगा, हमें रोजगार के लिए सारे काम करने होंगे। जब तक हर युवा के पास रोजगार नहीं होगा तब तक इंडिया नंबर वन कैसे हो सकता है।
सवाल : डॉ. आंबेडकर ने समानता के लिए आरक्षण इसलिए शुरू किया था कि अनुसूचित के साथ बुरा व्यवहार होता था। अब क्यों दे रहे हैं?
केजरीवाल : अनुसूचित वर्ग को अब भी बुरा बर्ताव सहना पड़ रहा है। राजस्थान में पिछले साल एक आईपीएस अधिकारी को घोड़ी पर चढ़ने से रोक दिया था, गांव को छावनी बनाकर घोड़ी पर चढ़ सके थे। आरक्षण अनुसूचित वर्ग को बराबरी का हक देने के लिए शुरू किया गया है।
सवाल : युवा ने पूछा देश को खेलों में नंबर वन कैसे बनाएंगे ?
केजरीवाल : खेलों के चयन में बहुत भ्रष्टाचार है। हमने दिल्ली में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाकर इसकी शुरुआत की है। 130 करोड़ की जनता को सबसे अधिक मेडल जीतने चाहिए।