संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। शहर में आधार कार्ड अपडेट करवाने वालों को पिछले कई दिनों से परेशानियां पेश आ रही हैं। इसका कारण है कि शहर में केवल एक ही स्थान पर भारतीय स्टेट बैंक में आधार कार्ड अपडेट हो रहे हैं। इससे पूर्व में शहर के प्रशासनिक भवन कार्यालय, बीडीपीओ कार्यालय में भी आधार कार्ड अपडेट होते थे।
पिछले एक माह से शहर में केवल एक ही जगह आधार कार्ड अपडेट हो रहे हैं। बाकी की मशीनें सॉफ्टवेयर अपडेशन के लिए उपमंडल अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाई गई हैं। वहीं बैंक में प्रतिदिन 40 से 50 लोग ही आधार कार्ड अपडेट करवा पाते हैं, लेकिन इनकी संख्या काफी अधिक है। यही नहीं लोग सुबह पांच बजे ही भारतीय स्टेट बैंक के बाहर डेरा डाल लेते हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि शहर में प्रशासन की ओर से अतिरिक्त मशीनों की व्यवस्था की जाए, ताकि हो रही परेशानी से बचा जा सके। एसडीएम अजय चोपड़ा के संज्ञान में जब मशीनों की कमी का मामला लाया गया तो वे स्वयं भी काउंटर पर पहुंचे और मशीनों के बारे में जानकारी ली। मामले के संबंध में जब प्रशासनिक भवन में लगाए गए काउंटर पर कार्यरत कर्मचारी सुनील कुमार से संपर्क किया तो पता चला कि मशीन आई हुई हैं। उसमें कुछ तकनीकी समस्या है, एक या दो दिन में समाधान होते ही अन्य मशीनें भी कार्य करना शुरू कर देंगी।