हांसी लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे मृतक युवक के परिजन
हांसी। भाटला गांव में युवक की हत्या कर पेड़ से लटकाए जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गुस्साए परिजन व ग्रामीण रात को लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक परिजनों ने लघु सचिवालय के गेट पर बैठकर धरना जारी रखा। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर सदर थाना प्रभारी मनदीप चहल अपनी टीम के साथ परिजनों से मिलने पहुंचे व उन्हें जल्द गिरफ्तारी किए जाने के बारे आश्वासन दिया।
वहीं परिजनों ने पुलिस को अपनी जान का खतरा मानकर सुरक्षा मुहैया कराने की बात कही। परिजनों ने चेतावनी दी कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो वे फिर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसके बाद पुलिस ने गांव में परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराने पर पीसीआर तैनात करने की बात कही। इसपर परिजन माने व अपने गंतव्य की ओर लौट गए। बता दें कि 23 मार्च को गांव भाटला निवासी 20 वर्षीय सचिन का शव सुबह गांव के ही प्लाट में पेड़ पर लटका हुआ मिला था। परिजनों के अनुसार प्रेम-प्रसंग के चलते लड़की के परिजनों ने सचिन की हत्या कर दी। मृतक के ताऊ राजेंद्र ने बताया था कि 21 मार्च को गांव की ही एक लड़की को चिट्ठी देने को लेकर विवाद हुआ था। इस पर लड़की के परिजनों ने उनके भतीजे की पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने 9 नामजद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया हुआ है।