जीजेयू व अमर उजाला फाउंडेशन के बीच हुए एमओयू के दौरान मौजूद कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज व अन्य अ?
- फोटो : Hisar
हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) व अमर उजाला फाउंडेशन के बीच जनसंचार पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिंग (एमओयू) हुआ है। इसके तहत विश्वविद्यालय के जनसंचार पाठ्यक्रम के टॉपर को अमर उजाला के नवोन्मेषक स्वर्गीय अतुल माहेश्वरी की स्मृति में हर साल छात्रवृत्ति के साथ गोल्ड मेडल दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के साथ यह एमओयू 5 साल के लिए किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज ने कहा कि इस तरह की छात्रवृत्ति विद्यार्थियों को अच्छे स्थान पर पहुंचाने के साथ-साथ हौसला भी बढ़ाती है। अमर उजाला फाउंडेशन की यह पहल युवाओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। यह एमओयू जनसंचार में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा। साथ ही विद्यार्थियों में जनसंचार के प्रति और अधिक रुचि पैदा करने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में भी कारगर सिद्ध होगा।
कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा ने कहा कि यह एमओयू विद्यार्थियों के लिए प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करेगा। विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिंह ने बताया कि एमओयू के तहत अमर उजाला फाउंडेशन प्रति वर्ष विश्वविद्यालय में बीए मास कम्युनिकेशन और एमए मास कम्युनिकेशन नियमित कोर्सों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय की तरफ से कुलपति प्रो. कांबोज की उपस्थिति में एमओयू पर कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा, डीन इंटरनेशनल रिलेशंस प्रो. विनोद छोकर, विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए। बता दें कि पहले भी अमर उजाला फाउंडेशन का जीजेयू के साथ एमओयू हुआ था, जिसमें 2017 से 2020 के टॉपर को गोल्ड मेडल और छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी।