हिसार। गंगवा गांव निवासी 52 वर्षीय राममूर्ति की लूटपाट के दौरान गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी गंगवा निवासी सुनील को मंगलवार अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान लूटे गए जेवरात बरामद करने का प्रयास करेगी। पुलिस ने वारदात के 12 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
आजाद नगर थाना प्रभारी एसआई रमेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया था। वह नशा करने का आदी है और वारदात करने के बाद ठिकाने पर जाकर भी उसने नशा किया। गौरतलब है कि मूलरूप से रावतखेड़ा के रहने वाले संतलाल बिश्नोई ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि वे 20 साल से पत्नी राममूर्ति के साथ गंगवा गांव में रहते हैं। रविवार रात 11 बजे पत्नी पड़ोस में रहने वाले विनोद की मां और पत्नी के साथ बातचीत करने के लिए गई गई। करीब 12.26 मिनट पर पर दोनों महिलाएं राममूर्ति को घर के बाहर छोड़कर चली गईं। सुबह चार बजे पत्नी शौच के लिए घर के बाहर बने शौचालय में गई। एक घंटे तक वापस न आने पर घर के बाहर गया तो पत्नी मृत मिली। गले में पहनी हुई सोने की तबीजी, कानों के टॉपस और चांदी की पाजेब गायब थी। गले और हाथ पर चोट के निशान थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।