मंडी आदमपुर। आदमपुर क्रांति चौक स्थित न्यू शांति ज्वेलर्स के मालिक विजय कुमार सोनी की मौत के बाद उनकी फर्म में बड़ी जालसाजी सामने आई है। दुकान मालिक की पत्नी सुशीला ने प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज को दुकान में काम करने वाले सुनील कुमार उर्फ मनीष कुमार के खिलाफ करोड़ों रुपयों का सोना-चांदी गबन करने की शिकायत दी थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
अपनी शिकायत में सुशीला ने बताया कि क्रांति चौक स्थित न्यू शांति ज्वेलर्स के नाम से उसके पति विजय कुमार दुकान करते थे। उनके साथ उनका रिश्तेदार सुनील उर्फ मनीष भी 15-20 सालों से बैठता था। इसलिए उस पर मार्केट का भी पूरा विश्वास जमा हुआ था। 25 जुलाई 2021 को उसके पति का देहांत हो गया। उसके बाद सुनील उर्फ मनीष अकेला ही दुकान पर बैठता था, क्योंकि उसकी पांच लड़कियां हैं। वह किराये के रूप में ही खर्चे के पैसे उसे देता था। 26 सितंबर 2023 को अचानक वह गायब हो गया। इस पर उसकी पत्नी ने पुलिस को गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। अब मार्केट से कुछ लोग पैसे मांगने आए तो उन्हें पता चला कि सुनील ने बाजार से पैसे उधार ले रखे थे। उन्होंंने तिजोरी खोली व दुकान की जांच की तो पता चला कि दो साल पहले उसके पति के देहांत के बाद उन्होंने उसे लगभग एक से डेढ़ करोड़ रुपये का सोना-चांदी संभलवाया था वह सब गायब है। सुनील उर्फ मनीष कुमार ने मार्केट के व्यापारियों के साथ-साथ उनके साथ भी बड़ा धोखा किया है। पीड़िता सुशीला ने गृहमंत्री से गुहार लगाई कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके उसे व अन्य व्यापारियों को उनके पैसे वापिस दिलवाएं।