फतेहाबाद। फतेहाबाद शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों को गर्मी की छुट्टियों के बाद नए भवन में कक्षाएं लगने की उम्मीद है। इस नए भवन का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। मार्च महीने में टेंडर लेने वाली फर्म को काम पूरा करके देना था। मगर अभी भी फर्श पर लगे पत्थर की घिसाई और बिजली फिटिंग का काम बाकी है। इन दोनों कामों के पूरा होने के बाद ही विद्यार्थियों की नए भवन में कक्षाएं लगनी शुरू होंगी।
गौरतलब है कि जून 2022 में मॉडल संस्कृति विद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। 18 माह में संबंधित एजेंसी को स्कूल का भवन तैयार करके देना था। मगर फर्म संचालक ठेकेदार ने काम बीच में छोड़ दिया। इसके चलते तय समय में निर्माण पूरा नहीं हो सका।
तीन मंजिला बना है मॉडल संस्कृति स्कूल का भवन
जानकारी के अनुसार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद के लिए 3 करोड़ 75 लाख रुपये मंजूर किए गए थे। नया भवन तीन मंजिला बनाया गया है। इसमें 18 क्लासरूम बनाए गए हैं। इसके अलावा वाटर टैंक और लैब भी रिपेयर की गई है। नया भवन सीसीटीवी से सुसज्जित है। निर्माण कार्य पूरा होने का विद्यार्थी वर्ग व शिक्षक दोनों इंतजार कर रहे हैं।
नौवीं से 12वीं की कक्षाएं लगेंगी
नए भवन के कमरों में नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं व बारहवीं की कक्षाएं लगेंगी। इसी भवन में प्रिंसिपल का कार्यालय होगा। इसी के साथ लिपिक कक्ष भी बनाया गया है। नए भवन में छह आधुनिक शौचालय भी बनाए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।
नए भवन का काम मार्च में पूरा किया जाना था। मगर फर्श व बिजली फिटिंग का काम बाकी बचा हुआ है। इस संबंध में एसडीओ को अवगत करवाया गया था। एसडीओ ने आश्वासन दिया है कि शेष बचा काम जल्द ही पूरा करवाएंगे। उम्मीद है कि जून की छुट्टियों के बाद नए भवन में कक्षाएं लगा सकेंगे।
-हरमिंदर सिंह, प्रिंसिपल, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय