हिसार। गांव पनिहार चक्क स्थित एक गोदाम में सो रहे बुजुर्ग दंपती को देर रात नशीला पदार्थ सुंघाकर चोर दो लाख रुपये, एक बाइक और दो लाख से अधिक के बिस्कुट और भुजिया चोरी कर ले गए। चोरी की घटना का पता सुबह चला। सरस्वती इंटरप्राइजिज के संचालक राजकुमार ने इस बारे में आजाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
दीवार कूद कर अंदर घुसे
पनिहार चक्क निवासी राजकुमार ने बताया कि सरस्वती इंटरप्राइजिज के नाम से फर्म है। फर्म बिस्कुट और भुजिया बनाने का काम करती है। गांव से बाहर गोदाम बनाया हुआ है। वहां पर पिता श्रवण कुमार और माता सरस्वती देवी सोते हैं। रात को 11 बजे के बाद चोर दीवार कूद कर गोदाम के अंदर घुसे। रुपयों से भरा थैला चोरी किया। थैले में 2 लाख 15 हजार रुपये और अंदर की चाबी थी। चोरों ने चाबी के जरिए गेट खोला और अंदर घुस गए। वहां पर सो रहे माता-पिता को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। उसके बाद गोदाम के अंदर रखे हुए बिस्कुट और भुजिया को चोरी कर ले गए। करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान और बाइक भी चोरी कर ले गए। आजाद नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पहले भी हो चुकी है गांवों में चोरी
जिले के कई गांवों में पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी है। गोरछी और गांवड़ गांव में बड़ी चोरी की वारदातें हुई थी।