हांसी (हिसार)। एडवोकेट राजेश सैनी ने अपनी शादी में एक रुपये शगुन लेकर अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। रेवाड़ी निवासी रविंद्र सैनी के पुत्र एडवोकेट राजेश सैनी ने ढाणी पीरावाली निवासी अजीत सैनी की पुत्री मंजली सैनी से विवाह में मात्र एक रुपये लेकर संदेश दिया है कि हमारे समाज में फैली दहेज प्रथा की कुरीति को समाप्त किया जा सकता है। पार्षद हरिराम सैनी के भानजे राजेश सैनी का विवाह हांसी में दिल्ली गेट के समीप रामलीला ग्राउंड में हुआ, जहां उन्होंने एक रुपये शगुन लेकर विवाह रचाया। इस कार्य की लोगों ने प्रशंसा करते हुए कहा कि अगर हर नौजवान इस प्रकार की सोच रखे तो भविष्य में दहेज प्रथा पर पूर्ण रूप से अंकुश लग जाएगा।