आदमपुर उपचुनाव की घोषणा के बाद नोटों की माला पहनने पर भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। इसका जवाब भव्य ने दे दिया है। निर्वाचन अधिकारी ने यह जवाब एक्सपेंडीचर टीम को भेजा है। निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि टीम की ओर से जवाब आने के बाद नियम अनुसार कार्रवाई होगी। भव्य बिश्नोई ने अपने जवाब में नोटों की माला स्वीकार करने को बड़े बुजुर्गों (जनता) का आशीर्वाद बताया है।
तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की नोटों की माला व नकदी लेने के वीडियो वायरल हुए थे। नोटों की एक बड़ी माला में प्रदेश के मंत्री जेपी दलाल, राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार, कुलदीप बिश्नोई, भव्य बिश्नोई दिखाई दे रहे थे।
यह भी पढ़ें : Haryana: पांच जिलों में बड़े धान घोटाले की आशंका, FCI के अधिकारी पहली बार करेंगे मिलों का भौतिक सत्यापन
दूसरे वीडियो में भव्य बिश्नोई नकद रुपये व नोटों की माला पहनने दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि 18 अक्तूबर को एडवोकेट योगेश सिहाग ने इस बारे में चुनाव आयोग को शिकायत भेजी थी। आदमपुर निर्वाचन अधिकारी ने इस बारे में 19 अक्तूबर को भव्य बिश्नोई को नोटिस जारी कर 72 घंटे में जवाब मांगा था।
प्रदेश में अपने छोटों को स्नेह के तौर पर कुछ शगुन देने की लंबे समय से परंपरा चली आ रही है। चुनाव के दिनों में भी लोग नोट का शगुन देकर जीत का आशीर्वाद देते रहे हैं। मैंने आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया। जनता की ओर से मिले पैसे का ब्योरा आयोग को दिया गया है।
- भव्य बिश्नोई, भाजपा, प्रत्याशी आदमपुर
शिकायत के आधार पर भव्य बिश्नोई को नोटिस जारी किया गया था। जिस पर उनका जवाब मिला है। हमने यह जवाब एक्सपेंडीचेर कमेटी को भेज दिया है। उनकी ओर से मिले जवाब के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सुभाष शर्मा, निर्वाचन अधिकारी, आदमपुर