हिसार। आदमपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 3 नवंबर को होने वाले उपचुनाव की मतगणना 6 नवंबर को सुबह 8 बजे महावीर स्टेडियम स्थित बॉक्सिंग हॉल में की जाएगी। 14 टेबल पर 13 राउंड में मतों की गिनती होगी। यह जानकारी बरवाला के एसडीएम एवं मतगणना के नोडल अधिकारी अश्वीर नैन ने मतगणना रिहर्सल के दौरान दी।
उपचुनाव के लिए पर्यवेक्षक एम मुथू कुमार, चुनाव प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी प्रीतपाल ने माइक्रो ऑब्जर्वर को चुनाव प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपचुनाव के लिए 36 माइक्रो आब्जर्वर की ड्यूटी लगाई गई। सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर का व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है।
सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक एम मुथू कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किए गए मापदंडों के अनुसार ही कार्य करना सुनिश्चित किया जाए। 3 नवंबर को सुबह 7 से सायं 6 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। माइक्रो आब्जर्वर निर्धारित किए गए पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। विधानसभा क्षेत्र में 180 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 36 संवेदनशील व 39 अति संवेदनशील पोलिंग बूथ शामिल हैं। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपचुनाव में 22 उम्मीदवार मैदान में है। ईवीएम मशीन पर नोटा का भी विकल्प दिया गया है। मतदान शुरू करने से पहले उम्मीदवारों की उपस्थिति में मॉक पोल अवश्य कराया जाए। प्रत्येक उम्मीदवार एवं नोटा के पक्ष में तीन-तीन वोट डाले जाएं। इसके पश्चात कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट को क्लियर किया जाए। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदान करवाने के लिए चार कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं, जिनमें पीठासीन, वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी तथा दो पोलिंग अधिकारी शामिल हैं।
चुनाव प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी व जिला परिषद के सीईओ प्रीतपाल ने बताया कि चुनाव के दिन मतदान केंद्रों पर निगरानी रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर ऑफिसर की भी ड्यूटियां लगाई गईं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किया गया फोटो पहचान पत्र को अहम दस्तावेज माना गया है। मतदान के समय मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र न होने की स्थिति में आयोग द्वारा निर्धारित किए गए 12 अन्य दस्तावेज में से किसी एक को दिखाने उपरांत मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं।
मतगणना की द्वितीय रिहर्सल 5 नवंबर को आयोजित की जाएगी। मतगणना दो चरणों में की जाएगी, जिनमें प्रथम चरण में पोस्टल बैलेट व दूसरे चरण में ईवीएम के मतों की गणना की जाएगी। मतगणना के लिए प्रत्येक टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, काऊंटिंग असिस्टेंट तथा माइक्रो आब्जर्वर की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। प्रत्येक राउंड की मतगणना के दौरान प्रत्येक उम्मीदवार के पक्ष में डाले गए मतों की गणना दर्ज करनी होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक राउंड की दो ईवीएम मशीनों की माइक्रो आब्जर्वर रैंडमली मतों की गणना करेंगे। मतगणना के दौरान 5 बूथों के वीवीपैट के मतों की भी गणना की जाएगी। मतगणना के दौरान कर्मचारियों को बूथ नंबर व अलॉट की गई कंट्रोल यूनिट के सीरियल नंबर का मिलान करने के उपरांत ही गणना आरंभ करनी होगी। मतगणना का प्रशिक्षण प्राध्यापक तरुण कुमार शर्मा व सुरेश पूनिया द्वारा दिया गया। इस अवसर पर नगराधीश एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजया मलिक, आदमपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सुभाष चंद्र, आदमपुर की तहसीलदार ललिता, चुनाव तहसीलदार संदीप अटकान मौजूद रहे।