हिसार। आजादनगर क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने के मामले में आजादनगर थाना पुलिस ने फतेहाबाद के भट्टू कलां निवासी आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि नवदीप कॉलोनी कॉलोनी निवासी दलीप सिंह ने 24 मई 2019 को नवदीप कॉलोनी निवासी प्रमोद, उर्मिला और रविंद्र के खिलाफ उसकी बेटी की हत्या करने व उसके परिवार को जान से मारने और षड्यंत्र रचने के बारे में शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि बेटी सुमन की शादी 2003 में नवदीप कॉलोनी निवासी प्रमोद के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ससुराल वाले बेटी को परेशान करते थे। 11 दिसंबर 2018 को प्रमोद ने बताया कि सुमन को कुछ हो गया है। जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो सुमन बेहोशी की हालत में थी। उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। बाद में प्रमोद के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था। उक्त मामले में पुलिस ने प्रमोद, रविंद्र और उर्मिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। इस मामले में रविंद्र को गिरफ्तार किया गया है।