हिसार। क्विक मनी सॉफ्टवेयर के जरिये विदेशी मुद्रा में निवेश कर रुपये दोगुने करने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी फ्रांसी निवासी सुधीर कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सुधीर को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। इस संबंध में पुलिस ने 13 अप्रैल 2023 को धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।
जांच अधिकारी एएसआई जयसिंह ने बताया कि कनोह गांव की रहने वाली पूजा ने शिकायत में कहा था कि जनवरी 2022 में सेक्टर 16-17 में किराये पर रहती थी। आरोपी सुधीर भी वहीं पर रहता था। सुधीर ने पीड़िता को बताया कि उसने क्विक मनी के नाम से एक सॉफ्टवेयर बना रखा है जो विदेशी मुद्रा में काम करता है और रुपयों को 4 महीनो में दोगुना कर देता है। सुधीर ने उसे व उसकी सहेलियों को झूठी बातों में फंसाकर अलग-अलग तारीखों पर 5 लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद रुपये नहीं लौटाए तो पुलिस में शिकायत दी थी। संवाद