हांसी साइबर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार धोखाधड़ी करने का आरोपी
हांसी। ऑनलाइन कुंडली बनाने व भविष्य देखने के नाम पर एक महिला एडवोकेट के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को हांसी साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान के जयपुर के शास्त्री नगर निवासी भवानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान आरोपी से धोखाधड़ी से लिए गए एक लाख 42 हजार 450 रुपये बरामद करने है। हांसी उत्तम नगर की रहने वाली एडवोकेट विनीता ने 22 मार्च को अपनी फेसबुक आईडी पर एक विज्ञापन देखा। इसमें एक मोबाइल नंबर लिखा था और साथ ही अपनी जन्म तिथि व जन्म स्थान व्हाट्सएप पर भेज कर अपने भविष्य के बारे में जानने व अपनी कुंडली बनवाने के बारे में लिख रखा था। विनीता ने दिए गए मोबाइल नंबर पर अपनी जन्म तिथि व जन्म स्थान का नाम व्हाट्सएप पर भेज दिए। इसके बाद उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि कुंडली बनाने की एवज में 1575 रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। फिर 23 मार्च को फोन आया और कहा कि तुम्हारे घर आकर पूजा करनी पड़ेगी, क्योंकि आपकी ग्रह दशा काफी खराब है। इसके बदले आरोपी ने एडवोकेट से 11 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करने को कहा। इसके बाद एडवोकेट ने आरोपी के खाते में 7500 रुपये गूगल पे कर दिए और 3500 रुपये किसी दूसरे खाते में भेज दिए। फिर उन्होंने 24 मार्च को पूजा कराने के नाम पर 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद 26 मार्च फिर फोन आया और फोन करने वाले ने पूजा कराने के सामान ने नाम पर 10 हजार रुपये और मांग लिए। पुलिस को दी शिकायत में एडवोकेट ने कहा है कि उसने उक्त आरोपी के झांसे में आकर कई बार करके कुल 1 लाख 42 हजार 450 रुपये उसके अलग-अलग खातों में जमा करवा दिए थे। इसके बाद आरोपी ने एडवोकेट का फोन उठाना ही बंद कर दिया।