मंडी आदमपुर। हिसार साइबर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति का वीडियो वायरल कर रुपये मांगने के मामले में गांव मोहब्बतपुर निवासी संदीप उर्फ दीपू, ढाणी छोटी निवासी हर्ष कुमार और चूरू निवासी राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है।
हिसार साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता गांव ढाणी मोहब्बतपुर निवासी प्रदीप के पास 3 अप्रैल को फोन आया कि 15 मिनट में तुम्हारी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हो जाएगी। तुम अगर इस वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाना चाहते हो तो 9600 रुपए गूगल पे से भेज दो। आरोपियों ने शिकायतकर्ता की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी और शिकायतकर्ता के रिश्तेदारों को भी वीडियो भेज दी। इस बारे में आदमपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
गौरतलब है कि एसपी हिसार को दी शिकायत में गांव ढाणी मोहब्बतपुर निवासी प्रदीप ने बताया कि 3 अप्रैल दोपहर करीब 3 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक अंजान नंबर से फोन या। फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच से रामभगत बताते हुए कहा कि तुम्हारी एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हो जाएगी। उसने उसे वीडियो हटवाने के लिए एक मोबाइल नंबर पर 9600 रुपये गुगल पे के जरिए भेजने को कहा। इसके बाद 10 मिनट बाद ही इसी नंबर से फिर कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की बात कही गई। अगले दिन उसकी फेसबुक आईडी हैक कर उस पर भी अपलोड कर दिया गया।