हिसार। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय संरक्षक और हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के क्रियान्वयन को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए निजी बीमा कंपनियों पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाया है। वह रविवार को नलवा विधानसभा क्षेत्र के गांव लुदास, शाहपुर, न्योली कलां, मात्रश्याम, किरतान, हिंदवान, रावलवास खुर्द, रावलवास कलां और धीरणवास में ग्रामीणों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि कंपनियां किसानों और सरकार से भारी प्रीमियम वसूल रही हैं लेकिन फसल क्षति होने पर किसानों को दावों के भुगतान के लिए संघर्ष करना पड़ता है। वर्ष 2023 से 2025 के बीच हरियाणा में बीमा कंपनियों ने कुल 2,827.02 करोड़ रुपये का प्रीमियम इकट्ठा किया जबकि प्रभावित किसानों को केवल 731 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा कंपनियां किसानों और सरकार से मिलने वाली बीमा राशि की वसूली में मनमानी कर रही हैं।