बरवाला। बिना आईडी लिए मोबाइल फोन के सिम कार्ड बेचे जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गांव पाबड़ा निवासी हरीश को अलग-अलग कंपनियों के कुल 274 सिम कार्ड सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के एएसआई सुरेंद्र पाल ने बताया कि वे वीरवार को पुलिस के अन्य सहयोगी कर्मियों के साथ खेदड़ मार्ग के टी-प्वाइंट पर थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक युवक भारी मात्रा में मोबाइल फोन के सिम कार्ड लिए हुए है और वह ये सिम कार्ड शहर के बस अड्डे पर बिना आईडी के बेच रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छापा मारा तो इस दौरान गांव पाबड़ा निवासी हरीश 200-200 रुपयों में अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड बेच रहा था। पुलिस को देख युवक भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर युवक को काबू कर लिया। आरोपी हरीश से पुलिस ने इस दौरान पॉलिथीन के एक लिफाफे में विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड लिए हुए था। पुलिस ने जब सिम कार्डों की जांच की तो पॉलिथीन में बीएसएनएल के 209, जियो कंपनी के 41, आइडिया के 15 व टाटा डोकोमो के 9 सिम बरामद हुए। पुलिस आरोपी हरीश को काबू कर पुलिस स्टेशन ले आई। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह ये सिम कार्ड कहां से लाया व उसने इस तरह से कितने लोगों को सिम कार्ड बेचे।