हिसार। मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार को प्रदेश के सभी मेयर व निगमायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक से एक दिन पहले नगर निगम अधिकारियों ने प्रॉपर्टी आईडी के इंटीग्रेशन का काम पूरा कर दिया। साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स की राइट टू सर्विस (आरटीएस) से बाहर की सभी फाइलों को निपटा दिया। हालांकि प्रॉपर्टी टैक्स पर आपत्तियों की करीब 1300 फाइलें लंबित पड़ी हैं।
बता दें कि इससे पहले 23 मार्च को निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान निगम अधिकारियों ने बताया था कि डाटा इंटीग्रेशन की 401 फाइलें ही बची हुई हैं। वहीं हांसी नगर परिषद की सबसे ज्यादा करीब 5500 प्रॉपर्टी आईडी बची हैं, जिनका इंटीग्रेशन किया जाना बाकी था। अब सिर्फ 5 दिनों में नगर निगम व नगर परिषद ने इंटीग्रेशन का काम पूरा कर दिया।
मौजूदा वित्त वर्ष में अभी तक 10.76 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स आया
मौजूदा वित्त वर्ष पूरा होने में अब सिर्फ तीन दिन ही बचे हैं। इस वित्त वर्ष में अभी तक निगम के पास 10.76 करोड़ रुपये प्राॅपर्टी टैक्स आया है। हालांकि इस वर्ष का लक्ष्य 22 करोड़ रुपये है। इसके अलावा फायर टैक्स के 78 लाख रुपये, विकास शुल्क के 6.22 करोड़ रुपये, यूजर चार्ज के 89.58 लाख रुपये और तत्काल फीस के 26.55 लाख रुपये निगम के खाते में आए।
बकाया टैक्स पर ब्याज में 40 प्रतिशत की छूट का लाभ उठाने के तीन दिन बाकी
फिलहाल बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर लगे ब्याज में 40 प्रतिशत की छूट योजना का लाभ उठाने के अब तीन दिन ही बचे हैं। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने 30 मार्च को अवकाश वाले दिन भी प्रॉपर्टी टैक्स शाखा को खुला रखने का फैसला किया है। शहरवासी इस दिन भी टैक्स जमा करवा सकेंगे।