हिसार। किसान सभा ने खरीफ फसलों की गिरदावरी में पूरा नुकसान दर्ज किए जाने की मांग की है। सभा के जिला प्रधान कैप्टन प्रेम प्रकाश और सचिव प्रदीप सिंह के साथ प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से शिकायत की कि राजस्व विभाग के स्थानीय अधिकारी और पटवारी फसलों का नुकसान दर्ज करने में आनाकानी कर रहे हैं। जिला उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि फसलों का नुकसान सही ढंग से दर्ज करवाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से हिसार पशु मेला शुरू करने और आवारा पशुओं पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा बालसमंद समेत जिले की सभी नहरों में एक सप्ताह की बजाय दो सप्ताह पानी दिए जाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में प्रधान सचिव के अलावा सूबे सिंह बुरा, ओम प्रकाश सिवाच, तुलसीराम, बारूराम मुकलान, कुलदीप नंबरदार, सतबीर भाकर, सूबेदार टेकराम हरिता और राममेहर स्याहड़वा आदि शामिल थे।