हिसार। सामाजिक संस्था सजग ने मोठ गांव में बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत को एक ज्ञापन देकर भ्रूण हत्या रोकने के लिए कई सुझाव दिया है।
मोठ के पूर्व सरपंच और मल्लिका शेरावत के पैतृक मकान के वर्तमान स्वामी अशोक भयाना की मध्यस्थता से बॉलीवुड अभिनेत्री को भेजे ज्ञापन में भ्रूण हत्या के खिलाफ मुहिम चलाने की योजना की सराहना की है। सजग हरियाणा में भ्रूण हत्या रोकने सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है। सजग के प्रदेशाध्यक्ष सत्यपाल अग्रवाल ने बताया कि संस्था की ओर से भ्रूण हत्या रोकने के दिए गए सुझावों के अनुसार गोष्ठियों, कवि सम्मेलन, भजन और भाषण आदि के जरिए सभी डॅाक्टरों को इस दिशा में कदम न उठाने की शपथ दिलवाना, सभी धार्मिक कार्यक्रमंाें में उपस्थित धर्मगुरुओं के मुख से और अन्य तरीकों से प्रचार करना है। गौरतलब है कि बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत इन दिनों अपने पैतृक गांव मोठ में एक टीवी सीरियल की शूटिंग कर रही हैं।