बैठक में उपस्थित मंडलायुक्त गीता भारती , उपायुक्त उत्तम सिंह व अन्य अधिकारी।
हिसार। जिले में 21 और 22 अक्तूबर को आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा को लेकर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। सीईटी परीक्षा के लिए जिले में 69 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिन में 1 लाख 24 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। हिसार में 54 तथा हांसी 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीईटी परीक्षा दो सत्र में आयोजित होगी। जिसमें पहले सत्र में सुबह 10 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरे सत्र में दोपहर 3 बजे से 4:45 तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक शिफ्ट में लगभग 31 हजार 536 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। कानून व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे।
परीक्षा को लेकर वीरवार को बैठक का आयोजन किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मंडल आयुक्त गीता भारती, उपायुक्त उत्तम सिंह ,पुलिस अधीक्षम मोहित हांडा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक व फेस ऑथेंटिकेशन से परीक्षार्थियों की पहचान की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे । जैमर की निगरानी हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। शारीरिक रूप से विकलांग उम्मीदवारों द्वारा उपयोग किए जाने वाले ट्राइसाइकिल और परिवहन के अन्य साधनों को परीक्षा केंद्र के कमरों तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जाएंगे। दिव्यांग अभ्यर्थी के लिए परीक्षा केन्द्र में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी की जानी जाएगी। धर्मशालाओं और सामाजिक/धार्मिक संस्थाओं के साथ तालमेल करके परीक्षार्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जिला की कोऑर्डिनेटर डॉ. इंदु शर्मा ने बताया कि फोन व ब्ल्यूटूथ जैसे कोई भी उपकरण परीक्षा केंद्रों में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सिटी कोऑर्डिनेटर और ऑब्जर्वर के अलावा किसी अन्य स्टाफ के पास फोन नहीं होंगे।