हांसी। बीएसएफ के एक जवान के साथ हाई प्रोफाइल लड़की से मीटिंग कराने के नाम पर 59 हजार रुपये की ठगी हुई है। शातिरों ने बीएसएफ जवान को लड़की से मिलाने के नाम पर फॉर्म भरने, सिक्योरिटी फीस जमा करवाने, होटल रूम फीस जमा करवाने के नाम पर यह ठगी की है। शातिर ठग ने बीएसएफ के जवान को कहा कि वह कंपनी का मेंबर बन जाएंगा और कंपनी का कार्ड बनने से लड़कियों के साथ चार मीटिंग अटेंड कर सकेंगे। बीएसएफ जवान की शिकायत पर साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को शिकायत में बीएसएफ के जवान ने कहा है कि वह छुट्टी लेकर आया हुआ था। एक महीना पहले उसके नंबर पर किसी का फोन आया है और फोन करने वाले ने खुद को किसी मीटिंग कंपनी का कर्मचारी बताया। फोन करने वाले ने बताया कि वह हाई प्रोफाइल लड़कियों से मुलाकात कर रुपये कमा सकता है। बीएसएफ जवान द्वारा हां कहने पर शातिरों ने पहले फार्म फीस के रूप में 1550 रुपये मांगे और कहा कि यह फार्म भरने के बाद वह कंपनी का मेंबर बन जाओगे। यही नहीं उसे कंपनी द्वारा एक कार्ड भी दिया जाएगा, जिससे वह 4 मीटिंग अटेंड कर सकता है। ठगों ने कहने पर बीएसएफ जवान ने फोन-पे के माध्यम से 1550 रुपये भेज दिए। इसके बाद सिक्योरिटी फीस के रूप में 2 हजार रुपये और मांगे। बीएसएफ जवान ने वह रुपये भी ठगों को भेज दिए। ऐसे करके शातिरों ने कुल करीब 59 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। अपने साथ ठगी का अहसास होने के बाद बीएसएफ जवान ने इसकी शिकायत 1930 पर काल कर दी।