हिसार। शहर के मधुबन पार्क में बैठे उत्तर प्रदेश के जिला गाजीपुर निवासी नंदलाल के थैले से दो युवतियां और एक महिला 52 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गई। इस संबंध में सिविल लाइन थाना पुलिस ने नंदलाल की शिकायत पर दो युवतियों और एक महिला के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नंदलाल ने बताया कि करीब 6 साल पहले यूपी से शहर आया था। यहां पर दान दक्षिणा मांग कर गुजारा चला रहा था। शाम को छाजूराम पार्क के सामने एक दुकान के बाहर सोता हूं। 6 साल में दान दक्षिणा से 52 हजार रुपये जमा किए थे। रविवार दोपहर को मधुबन पार्क में बैठा था। पार्क के अंदर सीमेंट की कुर्सी पर थैला रखा हुआ था, जिसमें रुपये थे। वहां पर दो युवतियां और एक महिला घूम रही थीं। कुछ देर बाद दूसरे सीमेंट की कुर्सी पर सुखाई हुई कमीज लेने के लिए गया, तो पीछे से युवतियों और महिला ने थैले के अंदर रखी हुई 52 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। जब तीनों से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि पुलिस को बुला लो। इसके बाद तीनों पार्क से चली गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।