अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
महाबीर स्टेडियम की खिलाड़ी किरण गोदारा ने सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया है।
सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप 15 से 18 नवंबर तक मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित की जा रही है। इसमें हिसार की ओर से महाबीर स्टेडियम में अभ्यास करने वाली खिलाड़ी किरण ने 72 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया। किरण के कोच विष्णु ने बताया कि शुक्रवार को किरण का फाइनल मैच उत्तरप्रदेश की खिलाड़ी मंजू तोमर के साथ था। इसमें किरण गोदारा ने मंजू को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। किरण गोदारा के पिता तहसील कार्यालय में कार्यरत हैं। मूल रूप से रावतखेड़ा निवासी किरण गोदारा का परिवार फिलहाल सेक्टर-15 में रह रहा है। इससे पहले भी किरण गोदारा कुश्ती में कई मेडल हासिल कर चुकी हैं।