मंडी आदमपुर। गांव सदलपुर में लीज पर ली जमीन पर कोर्ट के स्टे के बावजूद गोदाम का रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर 4 भाइयों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में हिसार निवासी प्रणव ने बताया कि करीब 10 साल पहले 9 व्यक्तियों ने मिलकर गांव सदलपुर में 25 एकड़ जमीन लीज पर लेकर, उसमें अनाज रखने के लिए गोदाम बना रखे हैं।
उन्होंने ये गोदाम तैयार करके एफसीआई को किराये पर दे रखे हैं। इन गोदामों की देखरेख हैफेड करता है। 25 एकड़ जमीन में से 5 एकड़ जमीन गांव सदलपुर निवासी ओमप्रकाश, सतीश, कृष्ण व सुंदर की है। उनकी जमीन का लीज सितंबर 2023 में समाप्त हो गई थी। इस पर हमने उनसे बात करके 2 साल का एडवांस किराया उनके बैंक खातों में डाल दिया था, लेकिन वे किराया ज्यादा मांगने लगे। इस बारे में उनका हिसार कोर्ट में अदालती मुकदमा चल रहा है।
अदालत ने उन्हें 5 मार्च 2024 तक स्टे दे रखा है, जिसके चलते कोर्ट के आदेशानुसार गोदाम के अंदर व बाहर जाने में कोई रुकावट पैदा नहीं कर सकता। 22 फरवरी वे गोदाम पर पहुंचे तो वहां पर मौजूद ओमप्रकाश, कृष्ण, सुंदर व सतीश ने गोदाम का गेट बंद कर दिया और आगे कांटे के तार लगा दिए। वहीं उन्हें सरकारी अनाज नहीं उठाने दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने ऐसा करके न्यायालय के आदेश की अवहेलना की है। यहां से चले जाने का कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। गोदाम की लीज उसकी माता पूनम व 8 अन्यों के नाम है। शिकायत के आधार पर ओमप्रकाश, कृष्ण, सुंदर व सतीश को नामजद करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।