हिसार। रेलवे मार्ग पर एसबीआई शाखा के एक लॉकर से 70 तोले सोना और डायमंड के तीन सेट चोरी करने के आरोपी कृष्ण सोनी की निशानदेही पर पुलिस ने 30 तोले सोने के गहने बरामद कर लिए हैं। जेवरात आरोपी के घर की छत से बरामद हुए। सोमवार को आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। शनिवार रात को पुलिस की वाहन चोरी निरोधक टीम ने गिरफ्तार किया था।
दिल्ली से खाली हाथ लौटी पुलिस
मामले की जांच कर रहे एसआई रोहताश सिंह ने बताया कि आरोपी कृष्ण सोनी के एमसी कॉलोनी स्थित मकान से 30 तोला सोने के जेवरात बरामद किए है। रिमांड के दौरान आरोपी को दिल्ली लेकर गए थे। उसके बताए पते पर पुलिस ने छापा मारा लेकिन वहां पर आरोपी के रिश्तेदार नहीं मिले। आरोपी ने बताया कि लुधियाना में अपने रिश्तेदार के पास भी जेवरात छुपा कर रखे हैं। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश कर दोबारा रिमांड लिया जाएगा। आरोपी से बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।