मंडी आदमपुर। गांव सदलपुर में खेत में काम कर अपने घर जा रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस ने 3 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में गांव सदलपुर निवासी करीब 28 वर्षीय मोहित ने बताया कि वह खेती बाड़ी करता है। 14 मई को रात्रि करीब 9 बजे वह अपने खेत में काम करके घर जा रहा था। खेत से कुछ ही दूर देशराज, रामफल, सुखदेव व एक अन्य ने उसे रोक लिया और कहा कि तू ज्यादा हवा में है। इसपर उसने कारण पूछा तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमीन पर गिराकर डंडे, थप्पड़-मुक्के व लात-घूंसे मारे। शोर सुनकर आस-पास के लोगों को आता देख वे उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर देशराज, रामफल व सुखदेव को नामजद करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकालने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
मंडी आदमपुर। पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकालने के मामले में आरोपी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी बरवाला निवासी छोटूराम को गिरफ्तार किया है। आदमपुर थाना प्रभारी प्रतीक गहलोत ने बताया कि आरोपी ने अपने साथी सहित मंडी आदमपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने आए अनाज मंडी आदमपुर निवासी राजेश यादव का डेबिट कार्ड बदलकर धोखे से 17,500 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने आरोपी से 7,200 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी छोटूराम को हिसार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।