गांव सरसौद में पशुओं की मौत के बाद एकत्र हुए ग्रामीण।
हिसार। सरसौद में पशुओं की मौत की खबर के बाद मंगलवार को पशु पालन विभाग की टीम गांवों में निरीक्षण के लिए पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को एक भैंस सहित तीन पशुओं की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि अज्ञात बीमारी से पशुओं की मौत हो रही है। पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सुभाष चंद्र जांगड़ा,वेटरनरी सर्जन प्रतिभा मान, वीएलडीए प्रदीप कुमार ,अमर सिंह ,मनोज कुमार, गुरदीप सिंह की टीम गांव में पहुंची। पशु पालन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पशुओं की मौत सर्दी के कारण हुई है। पशुओं में बीमारी के लक्षण नहीं है।
सोमवार को गांव सरसौद के एक युवा ने पशुओं की मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल की। इसके बाद पशुपालन विभाग के अधिकारी हरकत में आए। सरसौद गांव में पशुओं की मौत से पशुपालन विभाग की टीम मंगलवार को गांव में पहुंची। ग्रामीणों से पशुओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों का आरोप है कि पशुपालन विभाग पशुओं की बीमारी को लेकर गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। पशुपालक ने कहा कि अज्ञात बीमारी से मौत हो रही है। मंगलवार शुभ गांव के सत्यवान, हरिकेश ,वीर सिंह सहित तीन पशुपालकों के पशुओं की मौत हो गई।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुभाष जांगड़ा ने बताया कि सरसौद में 32 पशुओं की मौत की रिपोर्ट है। पिछले करीब 10 से 12 दिन में इन पशुओं की मौत हुई है। सर्दी के कारण कमजोर, बीमार तथा छोटे पशुओं की मौत हो रही है। कोई बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं। हमारी टीम लगातार गांव में तैनात हैं। हमने तीन-तीन सदस्यों की चार टीम बरवाला एरिया में लगाई हैं।