संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। महाबीर स्टेडियम में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मुख्य अतिथि होंगे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरा तरह सतर्क है। एएसपी पूजा वशिष्ठ को सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। 3 डीएसपी, 13 इंस्पेक्टर समेत 500 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की है। महाबीर स्टेडियम को दो भागों में बांटा है। 5 जगहों पर नाके लगाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि एएसपी जसलीन कौर परेड की कमांड संभालेंगी। पुलिस की 2 प्लाटून, हरियाणा सशस्त्र पुलिस की 1, हरियाणा गृहरक्षी की 1 प्लाटून, एनसीसीके लड़के और लड़कियों की 3 स्काउट की 2 प्लाटून परेड समारोह में भाग लेंगी। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा अच्छे व सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चो को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। महाबीर स्टेडियम को 2 भागों में विभाजित किया गया है, जिसमें सेक्टर 1 में स्टेडियम के अंदर का समस्त भाग जिसमें वीआईपी स्टेज व सभी द्वार शामिल हैं। वहीं, सेक्टर 2 में स्टेडियम का बाहर का हिस्सा जिसमें मुख्य द्वार व वाहन पार्किंग को रखा गया है।
बदला जाएगा रूट : गणतंत्र दिवस पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए फव्वारा चौक, फ्लाईओवर ब्रिज व टी प्वाइंट महावीर स्टेडियम हिसार तक रूट व्यवस्था लगाई गई है। कैनाल रेस्ट हाउस, मधुबन पार्क गेट के पास नाका व पार्किंग, टी प्वांइट शर्मा अस्पताल के सामने नाका, जिंदल टावर के पास नाका और एचएयू गेट नंबर 1 के पास नाका लगाया गया है। कार्यक्रम के दौरान रानी लक्ष्मीबाई से मलिक चौक की तरफ जाने वाले रास्ते का रूट बदला गया है।