नगर निगम दफ्तर में प्रॉपर्टी टैक्स की जांच करवाने पहुंचे लोग।
हिसार। नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स की आपत्तियों को ठीक करने को लगे दो दिवसीय शिविर में 487 आपत्तियां ठीक की गईं। फिलहाल निगम में लेवल एक व दो पर प्रॉपर्टी टैक्स की 2800 आपत्तियां लंबित पड़ी हैं। उधर, भवन शाखा को नई आईडी बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से दिए गए आदेश के तहत नगर निगम में 10 व 11 जून को प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी गलतियों को ठीक करने के लिए शिविर लगाया गया। शिविर को लेकर शहरवासियों को कोई खास रुझान देखने को नहीं मिला। टैक्स संंबंधी गलतियों को ठीक करवाने के लिए पहले दिन 221 और दूसरे दिन 85 लोग ही पहुंचे, जबकि दोनों दिन 150-150 लोगों को कॉल कर बुलाया था।
लेवल एक पर लंबित आपत्तियाें की संख्या ज्यादा
फिलहाल लेवल एक व दो पर लंबित पड़ी आपत्तियों की संख्या करीब 2800 है। इनमें से 1500 आपत्तियां लेवल एक (मेकर) और 1300 आपत्तियां लेवल दो (चेकर) लंबित पड़ी हैं।
भवन शाखा बनाएगी नई आईडी
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से जारी किए गए आदेश के तहत अब भवन शाखा को नई आईडी बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहले प्रॉपर्टी टैक्स शाखा ही नई आईडी बनाती थी। इस आदेश से प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के कर्मचारियों पर काम का बोझ कुछ हद तक कम होगा। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि लेवल एक पर 28 क्लर्क लगाए गए हैं, जबकि लेवल दो की जिम्मेदारी दो सचिव को दी गई है। इस लेवल पर भी स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए ताकि फाइलें जल्द निकल सकें। रोहतक नगर निगम में एमई स्तर के अधिकारियों को लेवल दो की जिम्मेदारी दी हुई है। यहां भी इस तरह की व्यवस्था की जानी चाहिए।