हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की ओर से आयोजित पशु चिकित्सा सर्जन पद की परीक्षा में 100 में से 28 सवालों के जवाब गलत मिलने का दावा किया जा रहा हैं। हरियाणा स्टेट वेटरनरी एसोसिएशन ने एचपीएससी को पत्र लिखकर दोबारा से इसे रिवाइज करने की मांग की है। वहीं परीक्षार्थी अपनी आपत्तियां दर्ज करवा रहे हैं। एक सवाल पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 200 रुपये फीस अदा करनी पड़ रही है। ऐसे में परीक्षार्थियों को करीब चार से पांच हजार रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
वेटरनरी की परीक्षा देने वाले लुवास के पशु चिकित्सकों ने बताया कि एचपीएससी ने 383 पदों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इसके लिए 15 जनवरी को लिखित परीक्षा हुई। परीक्षार्थी सुनील रविश ने बताया कि 23 जनवरी को एचपीएससी ने इसकी आंसर की जारी की।
इस आंसर की के अनुसार 28 से अधिक सवालों के जवाब गलत हैं। इस बारे में उनका पूरा ब्योरा तैयार किया है। एचपीएससी ने आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए भी महज दो दिन का समय दिया है। 25 जनवरी तक आपत्तियां दी जा सकेंगी।
परीक्षा देने वाले पशु चिकित्सकों ने 28 सवालों के जवाब, उनके रेफरेंस, बुक के लेखक का नाम सहित पूरा ब्योरा तैयार कर लिया है। एक सवाल पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 200 रुपये फीस अदा करनी पड़ रही है। ऐसे में अगर एक विद्यार्थी आपत्ति दर्ज कराए तो उसे 4 से 5 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। एचपीएससी की गलती का खामियाजा परीक्षार्थियों से वसूला जा रहा है।
परीक्षार्थियों को मिले ग्रेस मार्क्स
हरियाणा स्टेट वेटरनरी एसोसिएशन ने भी इस बारे में एचपीएससी के सचिव को पत्र लिखा है। एसोसिएशन ने उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है। साथ ही गलत आंसर के लिए ग्रेस मार्क्स दिए जाने की वकालत की है। एसोसिएशन के प्रधान राजू शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रणधीर खासा ने कहा कि एसपीएससी को अवगत कराया गया है।
अदालत जाने की तैयारी..
एचपीएससी की गलतियों को लेकर परीक्षार्थियों ने अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयार की है। पशु चिकित्सक डॉ. रोहित यादव, सतीश नैन, विजयपाल यादव, डॉ. नवीन ने बताया कि अगर हमारी सुनवाई नहीं हुई तो हम हाईकोर्ट जाएंगे।
इन सवालों के जवाब गलत होने दावा
सवाल नंबर 1, 4, 5, 7, 8, 19, 20, 22, 30, 33, 34, 35, 38, 40, 43, 47, 50, 68, 71, 73, 74, 82, 84, 85, 86, 87, 97, 100