हिसार। शहर में जल्द ही दो नए सेक्टर बसाए जाएंगे। इनमें सेक्टर 24 व सेक्टर 25 शामिल है। सेक्टर 24 पूरी तरह से रिहायशी है। इस सेक्टर के बसने से काफी लोगों का खुद का आशियाना बनाने का सपना पूरा होगा। वहीं सेक्टर 25 पूरी तरह से व्यावसायिक होगा। यह शहर का पहला व्यावसायिक सेक्टर होगा। इस सेक्टर के विकसित होने से यहां व्यापार को काफी बढ़ावा मिलेगा। यह सेक्टर व्यापार का केंद्र बिंदु बनेगा।
बता दें कि इससे पहले करीब पांच साल पहले हिसार में सेक्टर-14 पी और सेक्टर-33 के लिए आवेदन मांगे गए थे। शहर के बाहरी हिस्से में बस अड्डे के पास बने सेक्टर-14 के साथ लगते इन दोनों सेक्टरों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले थे। बाद में संपत्ति के दामों में आई गिरावट के बाद इन सेक्टर के रेट भी कम हो गए थे। मगर अब दोबारा से इन सेक्टरों में प्लॉट के रेटों में काफी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
सेक्टर 24 में 252 प्लॉट, 172 विस्थापितों के लिए
यह सेक्टर रायपुर रोड पर 31.65 एकड़ में बसाया जाएगा। इसमें कुल प्लॉट की संख्या करीब 252 हैं, जिनमें 6 मरले के 128, 4 मरले के 106 व 8 मरले के 18 प्लॉट हैं। इनमें से 172 प्लॉट विस्थापित कोटे वालों के लिए हैं। बाकी बचे प्लॉटों की एचएसवीपी की तरफ से ऑनलाइन बोली करवाई जाएगी। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर में सड़क, सीवर व पानी की सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
सेक्टर 24 का प्लान: कुल एरिया होगा 31.65 एकड़
रिहायशी प्लॉट 7.99 एकड़
ग्रुप हाउसिंग 2.20 एकड़
एसटीपी 3.77 एकड़
पेट्रोल पंप 0.11 एकड़
प्ले स्कूल 0.18 एकड़
क्लीनिक 0.17 एकड़
एचएसवीपी लैंड 0.38 एकड़
रोड, पार्क खाली जगह व हरियाली 16.85 एकड़
चंडीगढ़ के सेक्टर 17 की तर्ज पर विकसित होगा सेक्टर 25
सेक्टर 25 को चंडीगढ़ के सेक्टर 17 की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इस सेक्टर में चंडीगढ़ की तर्ज पर डिस्प्ले शोरूम बनाए जाएंगे। एचएसवीपी ने यहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 136 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दिया है।
करीब छह साल पहले इसका ले आउट कम डिमार्केशन प्लान तैयार किया गया था। यही नहीं सेक्टर में बिजली, सड़क व पानी आदि बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एस्टीमेट भी तैयार कर लिए गए थे। मगर उस समय सेक्टर के प्लॉट का ड्रॉ नहीं निकाला गया। मगर अब मुख्यालय ने इस सेक्टर के प्लॉट बेचने में रुचि दिखाई है। यही नहीं सेक्टर के ले आउट प्लान में भी कुछ फेरबदल किए गए हैं। अब सेक्टर में चंडीगढ़ की तर्ज पर 15 गुणा 30 मीटर आकार के डिस्प्ले शोरूम बनाए जाएंगे।
ये होंगी सुविधाएं
सुविधा-एरिया-संख्या
शॉप कम ऑफिस-11.76 एकड़-173
बूथ-0.09 एकड़-05
डिस्प्ले शोरूम-26.91 एकड़-242
होटल-13.07 एकड़-04
शॉपिंग मॉल-3.63 एकड़-02
मल्टी लेवल पार्किंग-6.8 एकड़-01
ऑडिटोरियम या सिनेमा हॉल-2.22 एकड़-01
सीएनजी-पीएनजी स्टेशन-0.37 एकड़-01
पेट्रोल पंप-0.098 एकड़-01
लेजर वैली-19.69-01
शहर में दो नए सेक्टर विकसित करने की तैयारी चल रही है। इनमें एक रिहायशी व दूसरा व्यावसायिक सेक्टर है। सेक्टर 24 में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम चल रहा है। वहीं सेक्टर 25 के लिए एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिए गए हैं।
राजेश खौथ, संपदा अधिकारी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण