हिसार। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से एशियन और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम के भाग लेने से पहले एथलीट खिलाड़ियों का नेशनल शिविर लगाने की घोषणा की है। 400 मीटर रेस के एथलीट खिलाड़ियों के लिए नेशनल कोचिंग कैंप एलएनसीपीई और ऊषा स्कूल त्रिवेंद्रम में लगाया जा रहा है। मिडिल, लांग रेस, जंप और रेस वॉक इवेंट के खिलाड़ियों के लिए एनएसएससी बंगलूरू और थ्रो इवेंट के एथलीट खिलाड़ियों के लिए एनएसएनआईएस पटियाला में आयोजित किया जाएगा। यह कैंप 31 मार्च 2023 तक जारी रहेगा।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान व मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़, कार्यकारी अध्यक्ष हनुमान सिंह भादू ने बताया कि खिलाड़ियों को नेशनल कोचिंग कैंप के लिए आमंत्रित किया गया है।
400 मीटर रेस में फरीदाबाद के विक्रांत पांचाल, हिसार के कपिल दलाल, सोनीपत के आयुष डबास, सोनीपत की किरण, रोहतक की दीपांशी, जींद की अंजलि त्रिवेंद्रम में नेशनल कोचिंग कैंप में अपना खेल प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। एनएसएससी बंगलूरू कोचिंग कैंप में भिवानी के कृष्ण कुमार 800 मीटर रेस, शंकर लाल स्वामी और बालकिशन 3000 मीटर स्टेपल चेज के लिए चुने गए हैं। महेंद्रगढ़ के संदीप कुमार, नूंह के जुनैद, रोहतक के अमित और जींद की रवीना शामिल हैं।
एनएसएनआईएस पटियाला में हरियाणा के पानीपत से नीरज चोपड़ा, चरखी-दादरी से साहिल सिलवाल, भिवानी के यशवीर सिंह, जींद के शिल्पा रानी जेवलिन थ्रो इवेंट में और अंबाला की मनप्रीत कौर शाट पुट इवेंट में नियमित अभ्यास करेंगे। खिलाड़ी एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए तैयारी करेंगी।