स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रख रही सरकार : सांगवान
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. विपिन सांगवान का कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब आदमी को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रख रही है। गरीब आदमी को स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर झूठ बोलकर गुमराह किया जा रहा है। कभी बीपीएल के नाम पर तो कभी आधार कार्ड के नाम पर बरगला रहे हैं। इसी के चलते आम आदमी को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। डॉ. सांगवान ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज हर रोज झूठी वाहवाही लूटने के लिए अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। हालात यह है कि प्रदेश के अधिकतर अस्पतालों में आने वाले मरीजों के लिए पीने का पानी भी नहीं है।