हिसार। नई अनाजमंडी में सोमवार से ही गेहूं की खरीद शुरू हुई थी, मगर अगले दिन मंगलवार को सरकारी खरीद नहीं हो पाई। हालांकि प्राइवेट एजेंसी ने 310 क्विंटल गेहूं 2126 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा है। वहीं, मंडी में 7822 क्विंटल सरसों पहुंची। इसमें से 7025 क्विंटल सरसों सरकारी एजेंसी ने खरीदी। 797 क्विंटल सरसों प्राइवेट एजेंसी ने 4500 रुपये से लेकर 4963 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी है। डीएफएससी से पर्चेजर कृष्ण का कहना है कि गेहूं खरीद के लिए सरकार ने नई पाॅलिसी जारी की है। इसका आढ़ती विरोध कर रहे हैं। आढ़तियों का कहना है कि पहले हमें बताया जाए कि हमें काटकर कितना पैसा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होनी थी। शुरुआत में गेहूं पहुंचा नहीं था। उसके बाद जब गेहूं पहुंचा तो दाना कलर फेड था। उसके बावजूद एक दिन सोमवार को गेहूं की सरकारी खरीद की गई। मगर अब सरकार ने नई पॉलिसी जारी की है। जिसका आढ़ती विरोध कर रहे हैं। इस कारण गेहूं की सरकारी खरीद नहीं सकी।