हांसी। शहर के उत्तम नगर निवासी एक महिला वकील से शातिरों ने कुंडली देखने, पूजा करवाने व ग्रह दशा ठीक करने के नाम पर 1.42 लाख रुपये ठग लिए। शातिर करीब एक महीने तक अलग-अलग कार्य के हिसाब से पैसे मांगता रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला वकील ने बताया कि 22 मार्च को उसने अपनी फेसबुक आईडी पर एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में लिखा था कि अपनी जन्म तिथी व जन्म स्थान व्हाट्सएप पर भेज कर अपने भविष्य के बारे में जाने व अपनी कुंडली बनवाए। उस नंबर पर अपनी जन्म तिथी व जन्म स्थान व्हाट्सएप पर भेज दी। उसके पास एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि कुंडली बनाने के लिए 1575 रुपये डाल दो। उसने बताया कि ग्रह की दशा काफी खराब है इसके लिए पूजा करवानी पड़ेगी। जिसके लिए उसने 11 हजार रुपये मांगे। बाद में पूजा करवाने के नाम पर 25 हजार रुपये और डाले। इसके बाद पूजा के सामान के लिए 10 हजार रुपये डाले। ऐसे करके 30 अप्रैल तक अलग-अलग ट्रांजक्शन के माध्यम से कुल 1, 42,450 रुपये डाले। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना ही छोड़ दिया। तब उन्हें पता कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इस मामले में उन्होंने बीते दिनों ऑनलाइन एक शिकायत की। जिसके बाद साइबर पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टास्क पूरा करने के नाम पर 22.51 लाख रुपये ऐंठने के तीन आरोपी गिरफ्तार
हिसार। साइबर सेल थाना पुलिस ने टेलीग्राम यूजर से टास्क पूरा करने के नाम पर 22 लाख 51 हजार 750 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जसोला (दिल्ली) निवासी हर्ष कुमार सक्सेना, राहुल सिंह और मिजमिल उर्फ अरहान को शुक्रवार अदालत में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। साइबर सेल थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि टेलीग्राम यूजर से ठगी गई नकदी आरोपी हर्ष कुमार सक्सेना के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हुई थी। आरोपी हर्ष कुमार ने अकाउंट 10 हजार रुपये में दूसरे आरोपी राहुल सिंह को बेचा था और राहुल सिंह ने वही अकाउंट मुजमिल उर्फ अरहान को 15 हजार रुपये में बेचा था। मुजमिल उर्फ अरहान ने फिर वही बैंक अकाउंट 20 हजार रुपये में आगे बेच दिया था।