गोवा से रवाना हुई स्वस्थ भारत यात्रा का हरियाणा में आगमन आज
सिवानी मंडी। स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से गोवा से शुरू की गई स्वस्थ भारत यात्रा का हरियाणा में प्रवेश शुक्रवार को होगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम झुंपा स्थित बॉर्डर पर इस यात्रा का जोरदार स्वागत करेगी। इसके बाद शहर में जागरूकता रैली निकालते हुए यह यात्रा शहर के सेठ मेघराज जिंदल अंची देवी नागरिक अस्पताल में पहुंचेगी। टीम की तरफ से कई प्रकार के टेस्ट भी मौके पर निशुल्क किए जाएंगे। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। डॉ. हरेंद्र ने बताया कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से स्वास्थ्य जागरूकता यात्रा शुरू की गई है। राजस्थान के बाद इस यात्रा का हरियाणा में 11 जनवरी को प्रवेश होगा और विभाग की तरफ से इस यात्रा का स्वागत झुंपा स्थित हरियाणा-राजस्थान की सीमा पर किया जाएगा। इस यात्रा के साथ 25 साइकिल सवार यात्री भी होंगे जो पूरे देश में लोगों को जागरूक कर रहे है। यात्रा के साथ एक मोबाइल टेस्ट टीम भी होगी, जिसमें कई तरह के टेस्ट निशुल्क किए जाएंगे। टीम की तरफ से समारोह में फिल्मों और अन्य प्रोजेक्टों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।