हिसार कैंट में चल रही अग्निवीर भर्ती में युवाओं के दस्तावेज चेक करते सेना के जवान।
- फोटो : Hisar
हिसार। हिसार कैंट में चल रही अग्निवीर की भर्ती में शनिवार को जींद जिले के युवाओं की भर्ती की गई। इसके लिए 1750 युवाओं को बुलाया गया। इनमें से 1300 उम्मीदवारों ने पहुंचकर भर्ती में भाग लिया। दूसरी ओर, हिसार, जींद, सिरसा और फतेहाबाद जिले के करीब 2500 युवाओं ने क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल के प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया है, जोकि रविवार को भर्ती में शामिल होंगे। अग्निवीर की भर्ती 40 से ज्यादा कैमरों की निगरानी में हो रही है। भर्ती निदेशक मोहित सिंह ने आग्रह किया है कि भर्ती में प्रवेश पाने के लिए कोई भी युवा अनुचित साधनों का प्रयोग न करें। क्योंकि वे स्वचालित प्रक्रियाओं को लागू करने वाले सतर्क रैली कर्मचारियों द्वारा पकड़े जाएंगे। भर्ती निदेशक की ओर से कहा गया कि कोई भी युवा दलालों के चक्कर में फंसकर अपना भविष्य खराब न करें। भर्ती पारदर्शी तरीके से चल रही है। सतर्कता के कारण शुक्रवार को फतेहाबाद के 14 युवा पकड़े गए थे।
भर्ती के उम्मीदवार ये रखें ध्यान
भर्ती में भाग लेने वाले उम्मीदवार प्रवेशपत्र पर अपना नवीनतम स्वप्रमाणित पासपोर्ट आकार का फोटो चिपकाएं। उम्मीदवार रैली स्थल पर ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंट आउट, मूल प्रमाण पत्र जैसे मूल मार्कशीट, स्कूल, कॉलेज छोड़ने का प्रमाण पत्र, जन्म निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो की पंद्रह प्रतियां अपने साथ लाएं। एनसीसी सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट, आईटीआई डिप्लोमा प्रमाणपत्र, लाइट मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस है, तो वह भी साथ लाएं। वेबसाइट पर शपथ पत्र प्रारूप के अनुसार शपथ पत्र भी लाना होगा। निदेशक भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों से दलालों और असामाजिक तत्वों से सावधान रहने का आग्रह किया है।
मोबाइल, घड़ी व कोई भी दवाई अंदर न लाएं युवा
अग्निवीर की भर्ती पारदर्शी तरीके से चल रही है। चप्पे-चप्पे पर युवाओें पर नजर रखी जा रही हैं। कैमरों के अलावा सेना के जवान नजर बनाए हुए हैं। अग्निवीर भर्ती के लिए आने वाले युवा मोबाइल, घड़ी से लेकर कोई भी दवाई अंदर न आएं। पकड़े जाने पर युवाओं को तुरंत बाहर निकाल दिया जाएगा।